बुरहानपुर के असीरगढ़ स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन स्टॉपेज की मांग:4 साल पहले बंद किया, महिलाओं ने दी भूख हड़ताल की चेतावनी




बुरहानपुर। चांदनी, मांडवा और असीरगढ़ रेलवे स्टेशनों पर पैसेंजर ट्रेन का स्टॉपेज बहाल करने की मांग को लेकर रविवार दोपहर असीरगढ़ रेलवे स्टेशन पर ग्रामीणों ने भुसावल डीआरएम के नाम ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले चार-पांच साल से इन स्टेशनों पर पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव बंद होने से उन्हें आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा
रेलवे ने पैसेंजर ट्रेनों को एक्सप्रेस में बदलने के बाद इन स्टेशनों पर ठहराव स्थगित कर दिया था। इसके बाद से स्थानीय निवासियों, छात्रों, दैनिक मजदूरों, छोटे व्यापारियों और मरीजों को जिला मुख्यालय व अन्य शहरों में आने-जाने के लिए निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। कई बार ज्ञापन देने पर भी नहीं हो रही सुनवाई
ज्ञापन में झिरी, चुलखान, निंबोला सहित अन्य गांवों के निवासियों ने बताया कि इससे पहले भी कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन चांदनी, मांडवा और असीरगढ़ रेलवे स्टेशनों पर पूर्व की तरह पैसेंजर ट्रेन का स्टॉपेज बहाल नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने तर्क दिया कि रेलवे प्रशासन को पहले भी इन स्टेशनों से टिकट बिक्री से अच्छी आय होती थी। महिलाओं ने भूख हड़ताल की चेतावनी दी
ग्राम पंचायत झिरी की सरपंच आशा बाई कैथवास ने कहा, “कई बार इस संबंध में मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई विचार नहीं किया गया। यह हमारा आखिरी ज्ञापन है। यदि इसके बाद भी मांग पूरी नहीं होती है, तो क्षेत्र की महिलाएं मिलकर भूख हड़ताल करेंगी।” चुलखान ग्राम पंचायत के सरपंच इस्माइल तड़वी पठान ने बताया कि इन स्टेशनों पर पैसेंजर ट्रेन का स्टॉपेज न होने से निंबोला, झिरी, चुलखान, झांझर, नसीराबाद, निम्ना, बोरी, मचलपुरा, रेलवे गेट, रईपुरा, मगरूल सहित दर्जनों गांवों के मध्यमवर्गीय परिवार पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों को शहर से जोड़ने का एकमात्र सुरक्षित और सस्ता विकल्प ट्रेन ही है। रेलवे इस रूट पर पैसेंजर और मेमो ट्रेनें चला रहा है, लेकिन इनका असीरगढ़, मांडवा और चांदनी में ठहराव नहीं है। इस अवसर पर निंबोला पंच राखी कैथवास, विनोद चौधरी, विकास कैथवास, विजय कैथवास सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *