बुरहानपुर में अवैध नल कनेक्शनों पर अब होगी सख्ती:पानी बर्बाद करने और मोटर लगाने वालों पर लगेगा स्पॉट फाइन; निगम काटेगा कनेक्शन




बुरहानपुर में गहराते जल संकट के बीच नगर निगम ने अवैध नल कनेक्शनों और पानी की बर्बादी रोकने के लिए सख्त अभियान शुरू कर दिया है। बिना अनुमति पानी बहाने वालों पर अब सीधे स्पॉट फाइन लगाकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने एमआईसी हॉल में आयोजित जल विभाग की बैठक में अधिकारियों को यह सख्त निर्देश दिए हैं। आयुक्त ने बैठक में स्पष्ट किया कि बिना मीटर और बिना टैक्स दिए पानी का उपयोग करने वाले सभी अवैध कनेक्शन तुरंत काटे जाएं। उन लोगों पर विशेष कार्रवाई होगी जो मोटर लगाकर सीधे मुख्य पाइपलाइन से पानी खींचते हैं या जिनके अवैध व क्षतिग्रस्त नलों से पानी बहता रहता है। इसके अलावा, खुले नल या टूटी पाइपलाइन से पानी बर्बाद करने वालों को भी इस अभियान के तहत बख्शा नहीं जाएगा। वैध उपभोक्ताओं को मिलेगा पूरा पानी
गर्मियों के मौसम में शहर में पानी की मांग काफी बढ़ गई है और जल स्तर भी लगातार नीचे जा रहा है। ऐसे में टैक्स भरने वाले वैध उपभोक्ताओं को समान रूप से जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। निगम ने अपील की है कि नागरिक अपने क्षेत्र में पानी की बर्बादी से जुड़ी शिकायतें सीधे नगर निगम की टीम को दर्ज करा सकते हैं। बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
जल विभाग की इस महत्वपूर्ण बैठक में नगर निगम और संबंधित एजेंसियों के कई अधिकारी शामिल हुए। इनमें सहायक यंत्री अशोक पाटिल, उपयंत्री सुनील चौहान और एमएमपीयूडीसी के राहुल पवार व सुरेश डोडीयार मौजूद थे। इनके साथ ही संतोष सुखदाने और जेएमसी कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी भी इस बैठक में उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *