बेलपान में स्टील कंपनी से जलसंकट, ग्रामीणों ने की शिकायत:बिलासपुर जनदर्शन में 150 गार्डों को वेतन, 40 किसानों को मुआवजे की मांग भी उठी




बिलासपुर में मंगलवार को कलेक्टर जनदर्शन में कई महत्वपूर्ण शिकायतें सामने आईं। मस्तूरी विकासखंड के बेलपान गांव के ग्रामीणों ने कालिंदी इस्पात कंपनी पर भूजल के अत्यधिक दोहन से जलसंकट पैदा करने का आरोप लगाया। वहीं, जिले की शराब दुकानों में कार्यरत 150 सुरक्षा गार्डों ने वेतन और ओवरटाइम भुगतान न मिलने की शिकायत की। बेलपान के ग्रामीणों ने कलेक्टर संजय अग्रवाल को बताया कि कालिंदी इस्पात कंपनी ने पहले शिवनाथ नदी से पानी लेने की बात कही थी। हालांकि, कंपनी अब बोरवेल और पाइपलाइन के माध्यम से औद्योगिक कार्यों के लिए भूजल का अंधाधुंध दोहन कर रही है, जिससे गांव में गंभीर जलसंकट उत्पन्न हो गया है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मस्तूरी विकासखंड के ग्राम पोड़ी के लगभग 40 किसानों ने भी जनदर्शन में अपनी समस्या रखी। उन्होंने शिकायत की कि बांधा जलाशय चौड़ीकरण कार्य के लिए अधिग्रहित उनकी निजी भूमि का मुआवजा डेढ़ दशक बाद भी नहीं मिला है। कलेक्टर ने भू-अभिलेख शाखा को आवेदन भेजकर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जिले की 150 शराब दुकानों में कार्यरत सुरक्षा गार्डों ने कलेक्टर से अपनी लंबित सैलरी और ओवरटाइम भुगतान की मांग की। उन्होंने बताया कि उन्हें लंबे समय से वेतन नहीं मिला है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जरहाभाठा निवासी अमीना बेगम ने अपनी निराश्रित पेंशन पुनः चालू करने की गुहार लगाई। उन्होंने कलेक्टर को बताया कि नगर निगम द्वारा उन्हें मृत बताकर उनकी पेंशन बंद कर दी गई है, जबकि वह जीवित हैं। कलेक्टर ने संयुक्त संचालक को इस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जनदर्शन में जिले भर से आए लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल के साथ मिलकर संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। सुरक्षा गार्डों को दो माह से सैलरी नहीं मिली जिले के विभिन्न शराब दुकानों में कार्यरत करीब 150 सुरक्षा गार्डों ने जनदर्शन में पहुंचकर पिछले दो माह से वेतन नहीं मिलने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि निर्धारित समय से अधिक ड्यूटी लेने के बावजूद उन्हें समय पर वेतन और ओवर टाइम भुगतान नहीं मिला है। इस पर कलेक्टर ने आबकारी अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। ड्रोन खरीदी के लिए लोन मांगा लमेर गांव के युवा किसान भाग्योदय ने खेती में नई तकनीक अपनाने की इच्छा जताई। उन्होंने कलेक्टर से कृषि ड्रोन चलाने का प्रशिक्षण और ड्रोन खरीदने के लिए सब्सिडी देने की मांग की। वहीं पाली (नवाडीह) के ग्रामीणों ने मोहल्ले के बीच लगाए गए 6 बिजली खंभों का विरोध किया। ग्रामीणों का कहना है कि इससे हादसे का खतरा बढ़ गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने शिकायत को टीएल पंजी में दर्ज कराया और बिजली विभाग को अगली बैठक में जवाब देने के निर्देश दिए। पेंशन बंद होने से परेशान महिला ने कलेक्टर से लगाई गुहार खैरखुड़ी की रहने वाली संयोगिता भारद्वाज ने पेंशन की समस्या को लेकर आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि पिछले एक साल से उनकी विधवा पेंशन बंद है और उन्हें महतारी वंदन योजना का लाभ भी नहीं मिल रहा है। इससे उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं गढ़वट के एवसराम कश्यप ने मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल दिलाने की मांग करते हुए कलेक्टर को आवेदन सौंपा। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *