भंवरमरा ऑक्सीजोन में अवैध रेत भंडारण पकड़ाया:कलेक्टर के निर्देश पर दो ट्रैक्टर-ट्रॉली और लोडर मशीन जब्त




राजनांदगांव जिले में खनिज माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर मंगलवार को राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने राजनांदगांव विकासखंड के भंवरमरा ऑक्सीजोन में दबिश दी। इस दौरान वहां अवैध रूप से भंडारित रेत का बड़ा जखीरा पकड़ा गया। जांच के दौरान टीम ने पाया कि अविनाश सोनी नामक व्यक्ति द्वारा शिवनाथ नदी से अवैध रूप से रेत निकालकर भारी मात्रा में डंप की गई थी। मौके पर लगभग 40 से 50 ट्रैक्टर-ट्रॉली के बराबर रेत का जखीरा मिला, जिसे प्रशासन ने तत्काल जब्त कर लिया। कार्रवाई के तहत अवैध कार्य में संलिप्त दो ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक लोडर मशीन भी जब्त की गई। जब्त किए गए सभी वाहनों और मशीनों को वैधानिक कार्रवाई के लिए सुरगी पुलिस थाने की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। बताया गया है कि ऑक्सीजोन के पास शिवनाथ नदी का जलस्तर कम होने के कारण दिन-रात रेत माफिया चोरी-छिपे रेत का उत्खनन कर रहे थे। इससे नदी में जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है और ऑक्सीजोन में लगे पेड़ों को भी नुकसान पहुंच रहा है। भंवरमरा के नागरिकों और सामाजिक संस्थाओं ने जिला प्रशासन से इस संबंध में शिकायत की थी। कलेक्टर जितेंद्र यादव ने इस संबंध में कहा, जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन या भंडारण को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *