भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग कल से होगा शुरू:अयोध्या में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही उद्घाटन करेंगे, 300 वरिष्ठ नेता; कार्यकर्ता होंगे शामिल




अयोध्या में भारतीय जनता पार्टी का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग 25 मई से शुरू होगा। यह ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान 2026’ के तहत आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण वर्ग आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज स्थित पशु चिकित्सा एवं पशुपालन महाविद्यालय के ऑडिटोरियम हॉल में होगा और इसमें कुल 11 सत्र शामिल होंगे। प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन पहले दिन प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही करेंगे। उद्घाटन सत्र के बाद चार अन्य सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में कार्यकर्ताओं को वैचारिक और संगठनात्मक रूप से प्रशिक्षित किया जाएगा। पार्टी की नीतियों, विचारधारा और संगठनात्मक संरचना को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। वक्ता संगठन की कार्यपद्धति, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क के व्यावहारिक पहलुओं पर मार्गदर्शन देंगे। दूसरे दिन, 26 मई को प्रशिक्षण कार्यक्रम का दूसरा चरण होगा। इसमें सात सत्रों के माध्यम से जिले के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और नेताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम का समापन क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा करेंगे। भाजपा के अयोध्या जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने बताया कि इस दो दिवसीय प्रशिक्षण का उद्देश्य संगठन की कार्यपद्धति को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को वैचारिक तथा संरचनात्मक रूप से सशक्त बनाना है। इसमें जिले भर से लगभग 300 कार्यकर्ता और पदाधिकारी भाग लेंगे। त्यागी ने यह भी बताया कि प्रशिक्षण वर्ग केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें कार्यकर्ताओं के शारीरिक और मानसिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके तहत सुबह योग, प्राणायाम और शाखा का आयोजन किया जाएगा, जिससे कार्यकर्ताओं में अनुशासन, स्वास्थ्य और संगठनात्मक ऊर्जा का विकास हो सके। इस प्रशिक्षण महा अभियान का मुख्य लक्ष्य बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की क्षमता बढ़ाना, जनसंपर्क को मजबूत करना और केंद्र तथा राज्य सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में विभिन्न विशेषज्ञों और प्रशिक्षकों द्वारा भी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभागियों के लिए आवास और भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *