'भारत में रहना है तो वंदे मातरम कहना होगा':कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर बोले- सपा ने पिछड़ी जातियों के लिए कुछ नहीं किया




गाजीपुर कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को अंशकालिक अनुदेशक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के 375 अंशकालिक अनुदेशकों के खातों में बढ़ा हुआ मानदेय सीधे हस्तांतरित किया गया। कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने घोषणा की कि अनुदेशकों का मासिक मानदेय अब 17 हजार रुपये कर दिया गया है। मंत्री राजभर ने बताया कि पहले अनुदेशकों को प्रतिमाह 7 हजार रुपये मिलते थे, जिसे बाद में बढ़ाकर 9 हजार रुपये किया गया था। अब सरकार ने इसे और बढ़ाकर 17 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया है। यह बढ़ी हुई दर 1 अप्रैल से प्रभावी मानी जाएगी।
यह कार्यक्रम केवल सरकारी नहीं, बल्कि राजनीतिक बयानबाजी का एक बड़ा मंच भी बन गया। कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने इस दौरान विपक्ष और धार्मिक बयानों पर तीखे हमले किए, जिससे कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह राजनीतिक हो गया। उन्होंने कहा कि भारत में रहना है तो वंदे मातरम कहना होगा। राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश के सभी 75 जिलों में सम्मान और मानदेय वितरण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। उनका दावा था कि सरकार लगातार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और शिक्षकों का मनोबल बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आर्थिक मजबूती मिलने से अनुदेशक अब और बेहतर तरीके से बच्चों को पढ़ा सकेंगे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद मीडिया से बातचीत में राजभर पूरी तरह चुनावी और राजनीतिक अंदाज में नजर आए। उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत और चुनाव आयोग की छवि खराब करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष देश को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बदनाम करने का काम कर रहा है। मौलाना मदनी के वंदे मातरम को लेकर दिए गए बयान पर भी राजभर ने बेहद सख्त प्रतिक्रिया दी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “भारत में रहना है तो वंदे मातरम कहना होगा। भाजपा और सहयोगी दल लगातार राष्ट्रवाद के मुद्दे को प्रमुखता से उठा रहे हैं और राजभर का यह बयान उसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले पर भी राजभर ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि सपा का PDA असल में “परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी” है। राजभर ने आरोप लगाया कि सत्ता में रहते हुए समाजवादी पार्टी ने पिछड़ी जातियों के लिए कोई बड़ा काम नहीं किया और सिर्फ अपनी जाति विशेष को आगे बढ़ाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि नौ साल सत्ता से बाहर रहने के बाद अब सपा को पिछड़ों की याद आ रही है। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पूछे गए सवाल पर भी राजभर ने संकेत भरा जवाब दिया। मुस्कुराते हुए उन्होंने कहा कि “ज्यादा चिंता मत करिए, समय आने पर सब हो जाएगा।” उनके इस बयान के बाद प्रदेश में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *