भिंड फल मंडी में फूड सेफ्टी अफसर से अभद्रता:महिला अधिकारी को कारोबारी ने दी धमकी; बिना लाइसेंस करोड़ों का कारोबार मिला




भिंड शहर की फल मंडी में शुक्रवार शाम जांच करने पहुंचीं फूड सेफ्टी अधिकारी रीना बंसल के साथ एक फल कारोबारी द्वारा अभद्रता और धमकी देने का मामला सामने आया है। कार्रवाई के दौरान कारोबारी बिना लाइसेंस करोड़ों रुपए का कारोबार संचालित करता मिला। मामले की शिकायत कोतवाली थाने में की गई है। जानकारी के अनुसार फूड सेफ्टी अधिकारी रीना बंसल फल मंडी क्षेत्र में आम, केला और अंगूर कारोबारियों के गोदामों की जांच करने पहुंची थीं। इस दौरान टीम ने कारोबार से संबंधित दस्तावेज और फूड लाइसेंस की जानकारी ली। जांच के दौरान टीम सिद्ध बाबा फल सप्लायर के संचालक अरविंद रत्नाकर के गोदाम पहुंची। जब अधिकारी ने गोदाम की जांच और लाइसेंस संबंधी दस्तावेज मांगे तो कारोबारी भड़क गया। आरोप है कि कारोबारी ने महिला अधिकारी से कहा कि वह वर्षों से करोड़ों रुपए का कारोबार बिना लाइसेंस के कर रहा है और आज तक किसी अधिकारी की यहां आने की हिम्मत नहीं हुई।
ट्रांसफर कराने की दी धमकी फूड सेफ्टी अधिकारी के मुताबिक समझाइश देने के बावजूद कारोबारी अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता रहा। उसने कथित रूप से यह भी कहा कि उसकी पहुंच ऊंचे स्तर तक है और वह एक मिनट में ट्रांसफर तक करवा सकता है। रीना बंसल ने बताया कि कारोबारी लगातार गाली-गलौज करता रहा। जब बिना लाइसेंस कारोबार मिलने पर गोदाम सील करने की कार्रवाई की बात कही गई तो वह झगड़े पर उतारू हो गया। पूछताछ के दौरान कारोबारी ने खुद को बड़ा व्यापारी बताते हुए सालाना 7 करोड़ रुपए से अधिक कारोबार होने की बात भी कही। स्थिति बिगड़ती देख महिला अधिकारी वहां से लौट आईं और कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत आवेदन दिया। फूड सेफ्टी अधिकारी रीना बंसल ने बताया कि मामले की शिकायत कलेक्टर से भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्य में बाधा, अभद्रता और बिना लाइसेंस कारोबार संचालित करने को लेकर संबंधित कारोबारी के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *