भिरंगी-पलासनेर रेलवे फाटक 34 घंटे बंद:गुरुवार सुबह 8 बजे से शुक्रवार शाम 6 बजे तक चलेगा मेंटेनेंस




हरदा। होशंगाबाद-खंडवा स्टेट हाईवे पर स्थित भिरंगी रेलवे फाटक (गेट नंबर 197) और पलासनेर रेलवे गेट (गेट नंबर 202) को पटरियों के रखरखाव कार्य के लिए 34 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है। यह फाटक गुरुवार सुबह 8 बजे से शुक्रवार शाम 6 बजे तक बंद रहेगा। इस मार्ग के बंद होने से हरदा, टिमरनी, सिवनी मालवा, बानापुरा और होशंगाबाद की ओर जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए लगभग 15 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। वाहन चालकों के लिए मार्ग परिवर्तित किया गया है। अब उन्हें छीपाबड़ से खिरकिया आकर रेलवे फाटक पार करना होगा। इसके बाद, उन्हें चौकड़ी, सारंगपुर, धनवाड़ा, बमनगांव, बारंगा और बारंगी होते हुए हरदा पहुंचना होगा। कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने और यातायात नियंत्रण के लिए रेलवे के निर्देश पर छीपाबड़ थाना पुलिस का स्टाफ तैनात किया गया है। होशंगाबाद-खंडवा स्टेट हाईवे जिला मुख्यालय आने-जाने का एक प्रमुख मार्ग है और इससे कई गांव सीधे जुड़े हुए हैं। रेलवे के अनुसार, भिरंगी-खिरकिया सेक्शन पर गेट नंबर 197 पर पटरियों का सुधार कार्य आवश्यक था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *