भीषण गर्मी में जनगणना कार्य स्थगित करने की मांग:औरैया में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम को दिया




प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और मौसम विभाग द्वारा जारी हीट वेव (लू) की चेतावनी के मद्देनजर जनगणना कार्य को जुलाई माह तक स्थगित करने की मांग उठी है। इसी क्रम में यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा) उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन एडीएम नीरज प्रसाद को सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान समय में पूरे प्रदेश में अत्यधिक गर्मी का प्रकोप है। कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच रहा है। मौसम विभाग और शासन द्वारा लगातार लोगों को दिन के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी जा रही है। ऐसे में जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों को फील्ड में भेजना उनकी सुरक्षा के साथ जोखिम भरा कदम साबित हो सकता है। प्रतिनिधियों ने यह भी उल्लेख किया कि भीषण गर्मी के चलते आम लोग भी दिन के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। इससे प्रगणकों को सही और पूर्ण जानकारी इकट्‌ठी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे जनगणना कार्य की गुणवत्ता भी प्रभावित होने की आशंका है। यूटा के पदाधिकारियों ने जनहित को ध्यान में रखते हुए मांग की है कि मई और जून माह में जनगणना कार्य को स्थगित रखा जाए तथा जुलाई माह के प्रथम सप्ताह से पुनः शुरू कराया जाए। उन्होंने इस विषय को गंभीर और जन-सुरक्षा से जुड़ा बताते हुए शासन से शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है। इस दौरान यूटा महामंत्री विनय वर्मा, शशिकांत गौतम, अवनीश राजपूत सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *