![]()
बिलासपुर में भू-जल संवर्धन और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला पं. देवकीनंदन दीक्षित सभागृह में हुई, जिसमें शहर से लेकर गांव तक के जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि जल संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी को केवल एक अभियान तक सीमित न रखकर जनआंदोलन बनाना होगा। उन्होंने घटते भू-जल स्तर और बढ़ती जल समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रत्येक नागरिक से पानी बचाने और विशेष अवसरों पर पौधरोपण करने का आह्वान किया। मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया ने ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक जल स्रोतों जैसे तालाबों और कुओं के संरक्षण पर जोर दिया, ताकि जल संकट से बचा जा सके। महापौर पूजा विधानी ने जल संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया और इसे जनभागीदारी से सफल बनाने की बात कही। कलेक्टर ने गिरते जल स्तर पर चिंता जताई कलेक्टर संजय अग्रवाल ने भू-जल के अत्यधिक दोहन से लगातार गिरते जल स्तर पर चिंता जताई। उन्होंने भविष्य के जल संकट से बचने के लिए गांवों और शहरों के अनुरूप नई जल संरक्षण तकनीकों को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। कलेक्टर ने लोगों से स्वच्छता, नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता के साथ-साथ कचरे के पृथक्करण और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की भी अपील की। साइबर अपराधों से सतर्क रहें- एसएसपी एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि जिस प्रकार चोर सामान चुरा लेता है, उसी तरह हम धरती का पानी लगातार खत्म कर रहे हैं। आने वाली पीढ़ियों के लिए अभी से जल संरक्षण पर गंभीरता से कार्य करना होगा। उन्होंने साइबर अपराधों से सतर्क रहने, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा नशे से दूर रहने की अपील की। जल संरक्षण के लिए सहभागिता जरूरी- कमिश्नर नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि भू-जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के लिए सामूहिक सहभागिता जरूरी है। वहीं नगर निगम के उपायुक्त खजांची कुमार ने कार्यशाला को जनजागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। 154 पंचायतों के सरपंच पहुंचे कार्यशाला में नगरीय निकायों के अध्यक्ष, जिला पंचायत और जनपद सदस्य सहित 154 ग्रामों के सरपंच, सचिव, रजिस्टर्ड आर्किटेक्ट, उप अभियंता, तकनीकी विशेषज्ञ, बिल्डर्स एवं बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यशाला में राजनांदगांव जिले के सहायक परियोजना अधिकारी फैज मेमन ने वी वायर टेक्नोलॉजी, पोंड विथ इंजेक्शन वेल सहित अन्य विभिन्न भू-जल संरक्षण संरचनाओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने उपस्थित लोगों को जल संरक्षण एवं स्वच्छता की शपथ दिलाई।
Source link
भू-जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन पर कार्यशाला:बिलासपुर में जनप्रतिनिधियों, अफसरों ने ली जल संरक्षण और स्वच्छता की शपथ















Leave a Reply