![]()
भोज महोत्सव, फूड फेस्टिवल से अब भोपाल की ब्रांडिंग की जाएगी। साथ ही पर्यटन, संस्कृति और विरासत संरक्षण के लिए एक्टिविटी भी की जाएगी। अगले कुछ महीनों में होने वाली एक्टिविटी के लिए जिला पुरातत्त्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद (DATCC) ने प्लान भी तैयार कर लिया है। इससे पहले सोमवार को कलेक्टर प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में डीएटीसीसी की बैठक भी हुई। जिसमें जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने, ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण तथा स्थानीय संस्कृति के संवर्धन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में ‘वायब्रेंट भोपाल’ की अवधारणा के अंतर्गत भोज महोत्सव, फूड फेस्टिवल, म्यूजिक फेस्टिवल और अन्य सांस्कृतिक आयोजन के माध्यम से भोपाल की ब्रांडिंग करने पर जोर दिया गया। साथ ही भोपाल की प्राकृतिक सुंदरता, झीलों, ऐतिहासिक स्मारकों और पर्यटन स्थलों की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी प्रतियोगिताएं आयोजित करने एवं नागरिक सहभागिता के माध्यम से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर सहमति बनी। कलेक्टर मिश्रा ने DATCC की वेबसाइट, बुकलेट एवं लोगो तैयार करने के लिए ऑनलाइन प्रतियोगिता आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा आर्ट एंड ड्राइंग, फोटोग्राफी, रील मेकिंग, शॉर्ट मूवी एवं लोगो डिजाइन प्रतियोगिताएं आयोजित करने पर भी सहमति बनी। ये भी करेंगे
बैठक में भोपाल की सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने, हेरिटेज वॉक शुरू करने, स्थानीय गाइड व्यवस्था विकसित करने तथा पर्यटन स्थलों पर पेयजल, प्रकाश एवं प्रसाधन जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने की दिशा में कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा की गई। कहा गया कि होमस्टे योजनाओं एवं स्थानीय टूरिस्ट सर्किट विकसित कर पर्यटन आधारित रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएं। भोपाल जिले में पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए पीपीपी मॉडल पर टूर पैकेज तैयार करने की आवश्यकता बताई गई। ये समितियां करेगी काम
बैठक में संस्कृति विभाग, पर्यटन विभाग एवं पुरातत्व विभाग द्वारा संचालित गतिविधियों को जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के माध्यम से समन्वित रूप से संचालित करने पर सहमति बनी। मीटिंग में स्मार्ट सिटी सीईओ अंजू अरुण कुमार, जिला पंचायत सीईओ ईला तिवारी, समिति के संदीप श्रीवास्तव समेत कई सदस्य मौजूद थे।
Source link
भोज महोत्सव, फूड फेस्टिवल से होगी भोपाल की ब्रांडिंग:पर्यटन, संस्कृति और विरासत संरक्षण के लिए एक्टिविटी की जाएगी; हेरिटेज वॉक करेंगे













Leave a Reply