भोपाल में लिव-इन पार्टनर पर हथौड़े से हमला:महिला को मृत समझ खुद का गला रेता, पेट में कई वार किए; मौत




भोपाल के पिपलानी थाना क्षेत्र के सोनागिरी सी-सेक्टर में रविवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपने साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही महिला के सिर पर हथौड़ी से हमला कर दिया। महिला को मृत समझने के बाद उसने खुद के गले और पेट पर चाकू से वार कर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल महिला का इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। 5 साल पहले पत्नी की हुई थी मौत एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी के मुताबिक 50 वर्षीय लक्ष्मण प्रसाद रिछारिया सोनागिरी के सी-सेक्टर झुग्गी बस्ती का रहने वाला था और निजी वाहन चालक के रूप में काम करता था। उसकी पत्नी की करीब पांच साल पहले मौत हो चुकी थी। मोहल्ले में रहने वाली कल्पना भारती पिछले कुछ समय से उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। कल्पना लंबे समय से अपने पति से अलग रह रही है और घरों में साफ-सफाई व खाना बनाने का काम करती है। रविवार सुबह करीब 11 बजे दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद लक्ष्मण ने हथौड़े से कल्पना के सिर पर हमला कर दिया। महिला को मृत समझने के बाद उसने खुद के गले पर चाकू से वार किया और पेट में भी चाकू घोंप लिया। गंभीर चोट लगने से लक्ष्मण की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची एफएसएल टीम घटना की सूचना मिलने के बाद एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जिस चाकू से लक्ष्मण ने खुद पर हमला किया था, उसे भी पुलिस ने मौके से जब्त कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। चरित्र संदेह के चलते वारदात की आशंका पुलिस का कहना है कि घटना का सटीक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। हालांकि आसपास के लोगों से पूछताछ में सामने आया है कि लक्ष्मण, कल्पना के चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। महिला की हालत नाजुक लक्ष्मण द्वारा सिर पर हथौड़ी से हमला किए जाने के बावजूद कल्पना भारती की जान बच गई। गंभीर हालत में उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं लक्ष्मण की मौत के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *