मंडला में पटाखा स्टोरेज पर भाजपा नेता का गोदाम सील:स्टॉक और सरकारी रिकॉर्ड में अंतर मिला, दो और जगह कार्रवाई




मंडला जिले के नैनपुर अनुभाग में प्रशासन ने विस्फोटक पदार्थों के अवैध और असुरक्षित स्टॉक पर कार्रवाई की है। मंगलवार को एसडीएम आशुतोष ठाकुर के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने निरीक्षण करते हुए नियमों की अनदेखी करने वाले तीन केंद्रों को सील कर दिया। प्रशासन ने ये जानकारी बुधवार को दी। जांच टीम ने सबसे पहले ग्राम निवारी में भाजपा नेता शंकर शायरानी के शायरानी पटाखा स्टोरेज पर छापा मारा। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि वहां रखे स्टॉक और सरकारी रिकॉर्ड में भारी अंतर था। शंकर शायरानी नैनपुर नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष हैं। स्टॉक के रखरखाव में गंभीर लापरवाही मिलने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इस स्टोरेज सेंटर को सील कर दिया। सुरक्षा मानकों में फेल हुई मैगजीन्स इसके बाद प्रशासन की टीम ग्राम परसवाड़ा पहुंची, जहां मेसर्स लकी एक्सप्लोसिव्स एंड मैगजीन्स की दो विस्फोटक भंडार मैगजीन्स की जांच की गई। यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और जरूरी प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया जा रहा था। किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए एसडीएम और एसडीओपी की मौजूदगी में इन दोनों मैगजीन्स को भी सील करने की कार्रवाई की गई। प्रशासन की चेतावनी एसडीएम आशुतोष ठाकुर ने कहा कि विस्फोटक जैसे संवेदनशील पदार्थों के स्टॉक में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी है कि सुरक्षा मानकों और नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *