मंडला में बोरवेल कर्मचारियों के विवाद में युवक की मौत:दुकानदार से पैसे मांगने पर हुआ झगड़ा, परिजनों ने किया पीएम से इनकार




मंडला जिले के घुघरी थाना क्षेत्र के घोरेघाट गांव में रविवार देर रात एक विवाद के बाद हुई झड़प में एक युवक की मौत हो गई। इस घटना में मृतक के परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। गांव और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस के अनुसार, घोरेघाट गांव में नर्मदा बोरवेल की मशीन से बोरिंग का काम चल रहा था। रविवार देर रात बोरवेल के कुछ कर्मचारी गांव की एक किराना दुकान पर पहुंचे। उन्होंने सामान लेने के बाद पैसे देने को लेकर दुकान संचालक संतोष पड़वार से विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि कर्मचारियों ने संतोष पड़वार से गाली-गलौज भी की। वाहनों से सवार होकर आए हमलावर विवाद बढ़ने पर बोरवेल कर्मचारियों ने मंडला से अपने साथियों को फोन कर बुला लिया। कुछ ही देर में लगभग छह वाहनों में सवार होकर बड़ी संख्या में लोग गांव पहुंचे। उन्होंने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से संतोष पड़वार पर हमला कर दिया। संतोष के छोटे भाई अनिल पड़वार ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। अनिल की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने पीड़ित परिवार के अन्य सदस्यों, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, के साथ भी मारपीट की। इस घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। घायल हुए लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। गिरफ्तार तक नहीं करेंगे अंतिम संस्कार, पीएम से इनकार मृतक अनिल पड़वार का शव अस्पताल परिसर में रखा गया है। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक अनिल के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। मृतक के बड़े भाई अशोक पड़वार ने कहा कि जब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा। पांच को हिरासत में लिया एसडीओपी बिछिया सौरभ तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही घुघरी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले में 5 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *