मंदिर में मूर्ति विस्थापित करने वाला आरोपी गिरफ्तार:देवरिया में तनाव के बाद गांव में पुलिस बल तैनात, जांच जारी




देवरिया के तरकुलवा थाना क्षेत्र स्थित कोंहवलिया बाबू राय गांव के काली माता मंदिर में मूर्तियां विस्थापित करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना 13/14 मई की रात खैरवा टोला स्थित काली माता मंदिर में हुई थी। अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर से दो मूर्तियां विस्थापित कर दी थीं और बाउंड्री पर लगी लाइटें भी तोड़ दी थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मंदिर के पुजारी की तहरीर पर तरकुलवा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 298 और 324(2) के तहत मुकदमा (मु0अ0सं0-127/2026) दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर चल रही जांच के दौरान आरोपी आनंद यादव (30) का नाम सामने आया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे गिरफ्तार कर लिया। आनंद यादव स्वर्गीय जीतन यादव का पुत्र है और कुशीनगर के पड़रौना थाना क्षेत्र के सिघड़ी कुबेर स्थान का निवासी है, जो वर्तमान में रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के मठिया में रह रहा था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है। घटना के बाद गुरुवार सुबह मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए थे। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए, एडिशनल एसपी और सीओ सदर के नेतृत्व में तरकुलवा, रामपुर कारखाना, बघौचघाट और महुआडीह थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात की गई। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। मंदिर के पुजारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार रात पूजा-अर्चना के बाद वह मंदिर बंद कर घर चले गए थे। अगली सुबह लौटने पर उन्हें प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त मिलीं। इस घटना से ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई थी। पुलिस ने जानकारी दी है कि मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *