![]()
बैतूल में सेल्टिया जलाशय के पास मिले युवक के शव मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा कर दिया है। मजदूरी के पैसों के विवाद और पुरानी रंजिश के चलते युवक की हत्या की गई थी। मामले में एक नाबालिग सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जलाशय में पेड़ के तने के नीचे मिला युवक का शव पुलिस को 15 मई 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम कारोपानी के पास सेल्टिया जलाशय में एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राधेश्याम बट्टी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर युवक का शव पानी में औंधे मुंह पड़ा मिला। शव को एक भारी पेड़ के तने के नीचे दबाया गया था। मृतक के सिर, गर्दन, गले और पीठ पर गंभीर चोटों के निशान मिले थे। मृतक की पहचान छिंदवाड़ा जिले के नवेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम ढाकरवाड़ी निवासी 22 वर्षीय राजू उईके के रूप में हुई। मजदूरी के पैसों को लेकर था विवाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत गला दबाने और गंभीर चोटों के कारण होना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक और आरोपियों के बीच मजदूरी के पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने राजू उईके की हत्या की योजना बनाई। जांच में यह भी पता चला कि 13 मई को एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद राजू उईके आरोपियों के साथ मोटरसाइकिल से गया था, जिसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। मारपीट के बाद गला दबाकर की हत्या पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मिलकर पहले युवक के साथ मारपीट की और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को सेल्टिया जलाशय में एक भारी पेड़ के तने के नीचे दबा दिया गया। नाबालिग समेत चार आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने मामले में छिंदवाड़ा जिले के टुई ढाना सेल्टिया निवासी रुपेश कवडे, बैतूल जिले के बामला निवासी आयुष नर्रे, छिंदवाड़ा जिले के ढाकरवाड़ी निवासी तेजीलाल उईके और एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। बोरदेही थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की आगे जांच की जा रही है।
Source link
मजदूरी के पैसों के विवाद में युवक की हत्या:जलाशय में पेड़ के नीचे दबाकर छिपाया था शव, नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार















Leave a Reply