![]()
मथुरा के थाना सुरीर क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिकंदरपुर के गांव नगला जगरूपा में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। ग्रामीणों को गंदगी और दाह संस्कार जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्ति की ओर है, लेकिन गांव की स्थिति बदहाल बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत द्वारा नियुक्त सफाई कर्मचारी नियमित रूप से गांव नहीं आते। इसके चलते गांव की गलियां, चौपालें और नालियां गंदगी से अटी पड़ी हैं। गांव की चौपाल पर बने कोठरे खंडहर में बदल गए हैं और उनके आसपास कूड़े का ढेर लगा है। नालियां चोक होने के कारण दूषित पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद पंचायत प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। ग्रामीण अमर सिंह, एमपी राघव, कन्हैया और पिस्ता ने बताया कि सफाई व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गांवों के विकास और स्वच्छता के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन नगला जगरूपा की मौजूदा हालत इन दावों की सच्चाई को उजागर करती है। गांव के रामवीर, अमन, लालासेठ, अमर सिंह मुनीम, टिंकल सेठ, सुभाष चंद्र और ललितेश सहित कई ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, नालियों का निर्माण कराने और दाह संस्कार के लिए उचित स्थान की व्यवस्था करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
Source link
मथुरा के नगला जगरूपा में सफाई व्यवस्था ठप:गांव वालों ने जताई नाराजगी, कार्रवाई की मांग















Leave a Reply