![]()
मथुरा के व्यस्त विकास बाजार क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। घायल युवक की पहचान शिवनगर कॉलोनी, तैयापुर लक्ष्मीनगर निवासी पुसी पुत्र रामभरोसी लाल के रूप में हुई है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विकास बाजार में खान-पान की रेहड़ी और ढकेल लगाने वाले कुछ लोगों के साथ युवक का किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और युवक के साथ जमकर मारपीट की गई। घटना के दौरान बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। सीसीटीवी फुटेज में भी मारपीट के दौरान बाजार में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है। कुछ लोग बीच-बचाव करते नजर आए, जबकि कई लोग मौके पर खड़े रहे। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों का कहना है कि विकास बाजार में आए दिन झगड़े और विवाद की घटनाएं होती रहती हैं। उनका आरोप है कि स्थायी पुलिस व्यवस्था और नियमित गश्त के अभाव में असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं। लोगों ने बाजार क्षेत्र में पुलिस चौकी स्थापित करने, नियमित गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संबंधित लोगों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
मथुरा के विकास बाजार में युवक से मारपीट:मामूली विवाद में युवक को पीटा, जांच में जुटी पुलिस















Leave a Reply