![]()
देवरिया जिले में बाइक सवार महिलाओं से छिनैती और लूट की वारदात करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने शनिवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा बाल अपचारी निकला। घायल आरोपी का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। रुद्रपुर, गौरीबाजार और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम शनिवार रात करीब 11:30 बजे रामपुर चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर केटीएम बाइक से दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों बैरियर तोड़कर भाग निकले। इसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू किया। पुलिया के पास फिसली बाइक, फिर शुरू हुई फायरिंग पुलिस के अनुसार गुरुजघाट पुलिया के पास मोड़ पर बदमाशों की बाइक फिसलकर गिर गई। आरोप है कि इसके बाद दोनों बदमाश पुलिया के किनारे पहुंच गए और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। दूसरे आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। घायल बदमाश की पहचान हुई घायल आरोपी की पहचान फाजिलनगर थाना पटहेरवा निवासी जैनुद्दीन उर्फ गोगा पुत्र सलाउद्दीन के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। दूसरा आरोपी बाल अपचारी बताया गया है। तमंचे, कारतूस और लूट का सामान बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे (315 बोर), छह जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, झपटमारी से संबंधित एक सोने की अंगूठी, चांदी की हाथ पलानी, छह हजार रुपये नकद और केटीएम मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक बरामद नकदी झपटमारी में छीने गए गहनों की बिक्री से प्राप्त हुई थी। महिलाओं को बनाते थे निशाना पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बाइक से महिलाओं को निशाना बनाकर पर्स और बैग छीनने की वारदात करते थे। पुलिस ने बताया कि दोनों के खिलाफ थाना गौरीबाजार और कोतवाली में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। बैतालपुर और इजरही की घटनाओं का खुलासा पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने 3 मई को गौरीबाजार क्षेत्र में हुई झपटमारी की घटना में शामिल होने की बात कबूल की। इस मामले में भटौली खुर्द निवासी अंजू चौहान अपने तीन बच्चों के साथ ई-रिक्शा से घर लौट रही थीं। तभी बाइक सवार बदमाश उनका बैग छीनकर फरार हो गए थे। इसके अलावा आरोपियों ने 26 अप्रैल को सदर कोतवाली क्षेत्र के इजरही गांव के पास हुई पर्स झपटमारी की घटना भी स्वीकार की। बरियारपुर थाना क्षेत्र के विशुनपुर कला निवासी सतीश चौहान अपनी पत्नी सुमन के साथ बंगहा चौरी स्थित ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार बदमाश सुमन का पर्स छीनकर फरार हो गए थे। पीड़ित सतीश चौहान के अनुसार पर्स में चांदी के पायल, हाथ की पलानी, बछिया, कान के टप्स और अन्य जरूरी सामान रखा था। पुलिस ने बढ़ाई निगरानी एएसपी आनंद कुमार पाण्डेय ने बताया कि जिले में बढ़ रही छिनैती की घटनाओं को देखते हुए प्रमुख चौराहों और हाईवे पर चेकिंग अभियान तेज किया गया है। देर रात गश्त और संदिग्ध वाहनों की निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। साथ ही जिले में हुई अन्य झपटमारी और लूट की घटनाओं में भी उनकी भूमिका खंगाली जा रही है।
Source link
महिलाओं से छिनैती करने वाले दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार:देवरिया में पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक के पैर में गोली; लूट के गहने, नकदी और तमंचे बरामद















Leave a Reply