महिला जेल प्रहरी को घर का पता पूछकर धमकाया:नर्मदापुरम केंद्रीय जेल में बंदी से मिलने आए बदमाश की अभद्रता; केस दर्ज




नर्मदापुरम केंद्रीय जेल में एक बदमाश द्वारा महिला जेल प्रहरी को धमकाने और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने बंदी से मुलाकात के लिए आवश्यक दस्तावेज मांगने पर प्रहरी से बदसलूकी की और उसके घर का पता पूछकर उसे धमकी दी। इस मामले में जेल प्रबंधन की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने घटना के दो दिन बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार, 22 मई की सुबह करीब 11 बजे महिला जेल प्रहरी खंड ‘अ’ के मुलाकात कक्ष में ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान ग्वालटोली निवासी सूरज कुचबन्दिया (पिता राजू) एक परिचित को लेकर जेल में बंद किसी कैदी से मुलाकात करने पहुंचा था। जब ड्यूटी पर मौजूद जेल प्रहरी ने उससे नियम के अनुसार आवश्यक दस्तावेज और आधार कार्ड मांगे, तो वह भड़क गया। आधार कार्ड की जगह पूछने लगा घर का पता
आरोपी सूरज ने आधार कार्ड दिखाने के बजाय महिला प्रहरी को धमकाना शुरू कर दिया। उसने धमकी भरे लहजे में प्रहरी से पूछा, “तुम रहती कहां हो?” और उसके घर का पता पूछने लगा। जब जेल प्रहरी ने उसे सीधे तरीके से जवाब देने को कहा, तो आरोपी ने उसके साथ अभद्रता शुरू कर दी, जिससे जेल के शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। आदतन अपराधी है आरोपी, तलाश में जुटी पुलिस
कोतवाली टीआई कंचन सिंह ठाकुर ने बताया कि जेल प्रबंधन की शिकायत पर आरोपी सूरज कुचबन्दिया के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और अभद्रता करने का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सूरज एक आदतन अपराधी है। उस पर पहले से ही आबकारी एक्ट की धारा 34 (2) समेत कई अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में भी जेल जा चुका है। फिलहाल वह दो दिन से फरार है और पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *