मुगलसराय में शव लेकर जा रही मैजिक ट्रक से टकराई:17 लोग घायल, 4 की हालत गंभीर; अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी जा रहे थे




मुगलसराय के अलीनगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। बिहार के भभुआ जनपद से शव लेकर वाराणसी अंतिम संस्कार के लिए जा रही एक मैजिक वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर ट्रक से टकरा गई। हादसे में 17 लोग घायल हो गए। घटना रात करीब 1:30 बजे अलीनगर थाना क्षेत्र के भिखारीपुर गांव के समीप हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार मैजिक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मैजिक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना से जुड़ी 4 तस्वीरें… राहत-बचाव कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया सूचना मिलते ही पुलिस और एनएचएआई हेल्पलाइन टीम मौके पर पहुंची। अंधेरे और अफरा-तफरी के बीच घायलों को वाहन से निकालकर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल में घायलों का इलाज शुरू किया गया। 4 घायलों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर अजय कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में कुल 17 लोग प्रभावित हुए हैं। इनमें 15 लोगों को चोटें आई हैं, जबकि 4 की हालत गंभीर होने पर उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। झपकी आने की आशंका पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आ गई थी। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर ट्रक चालक से पूछताछ शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने सभी घायलों के परिवारों को घटना की सूचना दे दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *