मुरैना में पूर्व पार्षद ने सड़क पर किया हवन:बोले- नगर निगम अधिकारी कह रहे सड़क पर गड्ढे नहीं फिर प्रेतों का साया राहगीरों को गिरा रहा




मुरैना में नगर निगम की सड़कों पर बने गड्ढों को लेकर विरोध का एक अनोखा तरीका सामने आया है। बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के पूर्व पार्षद दिलीप राठौर लंबे समय से अपने क्षेत्र की जर्जर सड़कों की मरम्मत और जिम्मेदार एजेंसियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी शिकायतों पर सुनवाई नहीं होने का आरोप है। पूर्व पार्षद का कहना है कि उन्होंने अंबाह बाईपास, टच रोड और बालाजी गार्डन रोड सहित कई मार्गों पर बने गड्ढों को लेकर नगर निगम अधिकारियों और कमिश्नर से शिकायत की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बल्कि अधिकारी कह रहे हैं की सड़क बिल्कुल ठीक है। इसी दौरान 1 मई को वे बालाजी मैरिज गार्डन के पास सड़क पर गड्ढे में बाइक से फिसलकर घायल हो गए, जिससे उनके कंधे में फ्रैक्चर हो गया। जब सड़क ठीक तो कैसे गिर रहे लोग
घटना के बाद पूर्व पार्षद ने विरोध का अलग तरीका अपनाते हुए सड़कों पर “प्रतीकात्मक हवन” शुरू किया है। उनका कहना है कि अब उन्हें लगता है कि सड़कों पर लापरवाही के कारण “दुर्घटनाओं का वातावरण” बन गया है, इसलिए वे प्रतीकात्मक रूप से शुद्धिकरण कर रहे हैं ताकि लोगों को सुरक्षित मार्ग मिल सके। पूर्व पार्षद के अनुसार यह हवन अभियान आठ दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर चलाया जाएगा। इसकी शुरुआत अंबाह बाईपास से की गई है और आगे बालाजी गार्डन रोड सहित अन्य जगहों पर भी कार्यक्रम किया जाएगा। उनका कहना है कि इस विरोध के माध्यम से वे प्रशासन का ध्यान सड़क सुधार की गंभीर समस्या की ओर खींचना चाहते हैं। निगम कमिश्नर बोले- ठेकेदार से ठीक कराएंगे
वहीं नगर निगम कमिश्नर सतेंद्र सिंह धाकरे का कहना है कि सड़कों के गड्ढों की मरम्मत संबंधित ठेकेदार द्वारा की जानी है। नियमों के अनुसार मेंटेनेंस के लिए ठेकेदार की राशि से ही काम कराया जाता है और इस प्रक्रिया के तहत सुधार कार्य किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *