![]()
विदिशा के मेडिकल कॉलेज से 45 वर्षीय कल्लू बंजारा लापता हो गए। शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम इमलापुर निवासी कल्लू की तलाश में परिजन पिछले दो दिनों से जुटे हैं। हालांकि, अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, कल्लू बंजारा को 8 मई की रात सीने में दर्द की शिकायत हुई थी। उनके पिता रोडजी बंजारा उन्हें इलाज के लिए विदिशा मेडिकल कॉलेज लाए थे। उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया और अगली सुबह मेडिकल वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया। जांच और उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें छुट्टी दे दी थी और दवाइयां भी लिख दी थीं। 9 मई की दोपहर करीब 1:30 बजे, रोडजी बंजारा अपने बेटे के लिए दवाइयां लेने गए थे। जब वे वापस लौटे, तो कल्लू वहां नहीं थे। बेटे के अचानक लापता होने से परिजन चिंतित हो गए। उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर और आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। सीसीटीवी से भी नहीं मिला सुराग
परिजनों ने पुलिस की सहायता से मेडिकल कॉलेज परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। हालांकि, अब तक कोई महत्वपूर्ण सुराग नहीं मिल पाया है। उन्होंने रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया, लेकिन कल्लू का पता नहीं चला। परिजनों के अनुसार, कल्लू का परिवार गांव के अलावा जयपुर और जोधपुर क्षेत्रों में मजदूरी करता है। हाल ही में तबीयत खराब होने के कारण कल्लू गांव लौट आए थे। उनके परिवार में एक बेटा और चार बेटियां हैं। बेटे और तीन बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि एक छोटी बेटी की शादी अभी बाकी है। उनका बेटा रायसेन में कार्यरत है। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है और कल्लू बंजारा की तलाश जारी है।
Source link
मेडिकल कॉलेज से इलाज के दौरान लापता हुआ मरीज:विदिशा में दवा लेने गए पिता, लौटे तो वार्ड से गायब मिला 45 वर्षीय कल्लू बंजारा














Leave a Reply