मेरठ छात्रा हत्याकांड: गांव में सुरक्षा कड़ी:बैरिकेडिंग पार कर पीड़ित परिवार से मिले हरेंद्र जाटव




मेरठ के रोहटा क्षेत्र में एक बीए छात्रा की हत्या के बाद गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस प्रशासन ने गांव की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग लगाकर बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। बुधवार को भी गांव के चारों ओर भारी पुलिस बल तैनात रहा और लोगों को पहचान पत्र दिखाने के बाद ही प्रवेश दिया गया। मूल रूप से थ्रिओट गांव की रहने वाली यह छात्रा टीपी नगर थाना क्षेत्र के गगन एंक्लेव में किराए के मकान में रहकर आरजी डिग्री कॉलेज से बीए की पढ़ाई कर रही थी। वह 15 मई को परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि रास्ते में उसका अपहरण कर रोहटा क्षेत्र के जंगल में ले जाकर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में सामने आया कि इस वारदात को छात्रा के प्रेमी अंकुश ने अंजाम दिया था। पुलिस मुख्य आरोपी अंकुश को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। इसी बीच, बुधवार को पश्चिम उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष हरेंद्र जाटव पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए उन्हें बैरिकेडिंग पर रोक दिया। हालांकि, हरेंद्र जाटव दूसरे रास्ते से गांव थिरोट पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। हरेंद्र जाटव ने परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं, पुलिस प्रशासन पूरे मामले पर पैनी नजर बनाए हुए है और गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *