मेरठ मंडी में शौचालय में रखी सब्जियां:वीडियो वायरल होने के बाद उठे सवाल




मेरठ की मवाना नवीन मंडी में सब्जियों को शौचालय के अंदर रखे जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने खाद्य सुरक्षा व्यवस्था और मंडी समिति के प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में टमाटर, लौकी, तोरी और धनिया जैसी सब्जियां शौचालय के भीतर ढेर के रूप में दिखाई दे रही हैं। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मंडी परिसर के एक शौचालय के अंदर बड़ी-बड़ी पॉलीथिन में सब्जियां भरकर रखी गई हैं। शौचालय की गंदगी और बदबू के बीच खाने-पीने की चीजों को इस तरह रखना लोगों के स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ माना जा रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति भी शौचालय के अंदर सब्जियों के कट्टों और थैलों के बीच बैठा दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंडी में लंबे समय से अव्यवस्थाएं व्याप्त हैं, लेकिन अब यह मामला सीधे लोगों की सेहत से जुड़ गया है। जिन सब्जियों का सेवन आम जनता करती है, उन्हें शौचालय जैसी अस्वच्छ जगह पर रखने से संक्रमण और गंभीर बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ सकता है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि मंडी समिति के अधिकारी इस गंभीर लापरवाही पर क्या कार्रवाई कर रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने मांग की है कि ऐसे लापरवाह अधिकारियों और व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *