मेरठ में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या:सुबह देर तक कमरा न खुलने पर मां ने रोशनदान से देखा, पंखे से लटका मिला शव




मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र के खिवाई कस्बे में सोमवार सुबह एक 18 वर्षीय युवक ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान खिवाई निवासी कुनाल (18) पुत्र स्वर्गीय रवि के रूप में हुई है। वह अपने भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार के सदस्यों ने बताया कि रविवार रात कुनाल अपने परिवार के साथ सामान्य रूप से बैठा था और बातचीत करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। सोमवार सुबह जब काफी देर तक कुनाल के कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो उसकी मां ने आवाज लगाई। अंदर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर मां को शक हुआ। उन्होंने कमरे के रोशनदान से देखा तो कुनाल पंखे से लटका हुआ दिखाई दिया। मां की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। उन्होंने कमरे का दरवाजा तोड़कर कुनाल को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है। थाना सरूरपुर पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *