![]()
हरदोई में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उसके परिजनों ने सोमवार सुबह शव को मकान के गेट पर रखकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने मृतक के ससुराल वालों पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के पैनोरा गांव निवासी 23 वर्षीय शिवपूजन की तबीयत 23 मई की शाम को उसके ससुराल में बिगड़ी थी। उसे पहले मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, फिर लखनऊ रेफर किया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। रविवार रात परिजन शव लेकर गांव पहुंचे थे। शिवपूजन उर्फ आशीष गुप्ता हरदोई और शाहजहांपुर की मंडियों से गेहूं की खरीद-फरोख्त करते थे। शिवपूजन के ममेरे भाई सचिन ने बताया कि शिवपूजन ने 13 अप्रैल 2024 को बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के भदेउना गांव निवासी खुशबू गुप्ता से प्रेम विवाह किया था। उनका छह माह का एक पुत्र भी है। परिजनों का दावा है कि शिवपूजन और खुशबू के बीच अक्सर घरेलू बातों को लेकर कहासुनी होती रहती थी। 23 मई की दोपहर को भी एक मामूली विवाद के बाद खुशबू अपने भाई के साथ अपने मायके चली गई थीं और कथित तौर पर गेहूं खरीद के रुपए और अपने जेवर भी साथ ले गई थीं। उसी दिन शाम को शिवपूजन खुशबू को मनाने के लिए भदेउना गांव स्थित उसके मायके पहुंचे थे। सचिन ने दावा किया कि वहीं शिवपूजन की तबीयत संदिग्ध हालत में बिगड़ गई। शिवपूजन को लखनऊ में मृत घोषित किए जाने के बाद रविवार दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम हुआ। इसके बाद रात के समय परिजन शव लेकर पैनोरा गांव पहुंचे। सोमवार सुबह परिजनों ने मकान के बाहर शव रखकर ससुराल वालों पर कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। शिवपूजन के चाचा शिवनारायण गुप्ता और उनकी मां सुधा ने ससुराल वालों पर शिवपूजन को जहर देने का गंभीर आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाया। पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हुए। आशीष की मां सुधा ने आरोपियों के खिलाफ थाने में शिकायती पत्र दिया है।
Source link
युवक की ससुराल में बिगड़ी तबीयत, लखनऊ में मौत:परिजनों ने शव रखकर किया हंगामा, ससुराल वालों पर कार्रवाई की मांग















Leave a Reply