![]()
धार जिले की नौगांव पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों पर एक युवक से मारपीट और जानलेवा हमला करने का आरोप है। नौगांव थाना पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार आरोपियों का नौगांव क्षेत्र में जुलूस भी निकाला। नौगांव के मुख्य चौराहा झंडा चौपाटी पर आरोपियों को कान पकड़वाकर उठक बैठक भी नौगांव पुलिस के द्वारा लगवाई गई। मामले में दो मुख्य आरोपी अभी भी फरार हैं। यह घटना 20 मई 2026 को हुई थी। फरियादिया गायत्री राठौड़ ने नौगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने मित्र अभयसिंह कुशवाह के साथ एक्टिवा से घर लौट रही थीं। कोर्ट रोड घाटी के पास कुछ युवकों ने उनकी एक्टिवा रोक ली और अभयसिंह के साथ गाली-गलौज करते हुए डंडों, लात-घूंसों से मारपीट की। इस हमले में अभयसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में आरोपी शुभम और अंकित को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि मनीष पंवार ने एकतरफा प्रेम प्रसंग के चलते अपने साथियों के साथ मिलकर इस पूरी साजिश को अंजाम दिया था। इसके बाद पुलिस ने संदीप, योगेश और राहुल को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अंकित निनामा, शुभम चौहान, संदीप परमार, योगेश डोडियार और राहुल वसुनिया शामिल हैं। पुलिस ने इन सभी आरोपियों का नौगांव क्षेत्र में जुलूस निकालकर कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया। मामले के मुख्य आरोपी मनीष पंवार और गौतम डामोर अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
Source link
युवक को लात-घूसों से मारने वालों का सड़क पर जुलूस:धार में 5 पकड़ाए, दो फरार; प्रेम प्रसंग मामले में साजिश करके किया था हमला














Leave a Reply