![]()
प्रदेश में नवगठित छठवां राज्य वित्त आयोग बुधवार को ग्वालियर प्रवास पर रहेगा। आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया की अध्यक्षता में शहर में दो महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में स्थानीय स्वशासी संस्थाओं की वित्तीय स्थिति, पारदर्शिता, विकास कार्यों की गुणवत्ता और आर्थिक आत्मनिर्भरता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। आयोग केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति जानने के लिए औचक निरीक्षण भी करेगा। ग्वालियर दौरे पर आने वाले आयोग के प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया के साथ सदस्य के.के. सिंह और सदस्य सचिव वीरेन्द्र कुमार शामिल रहेंगे। आयोग का मुख्य उद्देश्य नगरीय निकायों और पंचायत राज संस्थाओं की वित्तीय मजबूती से संबंधित जमीनी स्तर की जानकारी एकत्र करना है, ताकि भविष्य की नीतियों और अनुशंसाओं को अधिक प्रभावी बनाया जा सके। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पहली बैठक सुबह 11:30 बजे मुरार स्थित व्हीआईपी सर्किट हाउस में होगी। इसमें जिले के मंत्रीगण, सांसद, विधायक, महापौर, नगर निगम सभापति, जिला पंचायत अध्यक्ष सहित नगरीय निकायों एवं पंचायत प्रतिनिधि आमंत्रित किए गए हैं। इस बैठक में स्थानीय निकायों की वित्तीय चुनौतियों, संसाधनों की उपलब्धता और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा की जाएगी। आयोग जनप्रतिनिधियों से यह भी जानने का प्रयास करेगा कि स्थानीय संस्थाओं को आर्थिक रूप से अधिक स्वावलंबी बनाने के लिए किन सुधारों की आवश्यकता है। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से सुझाव भी प्राप्त किए जाएंगे। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे चंद्रबदनी नाका स्थित संभाग आयुक्त कार्यालय के सभागार में संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में ग्वालियर संभाग के संभागायुक्त, विभिन्न जिलों के कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त तथा सभी जिला मुख्यालयों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी शामिल होंगे। इस समीक्षा बैठक में स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, विकास कार्यों की गुणवत्ता और स्थानीय निकायों के स्वयं के राजस्व स्रोत बढ़ाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। नगरीय एवं पंचायत क्षेत्रों में सहकारिता आधारित नवाचारों और योजनाओं के बेहतर संचालन पर भी चर्चा होगी। आयोग का दल 21 मई को मुरैना पहुंचकर चंबल संभाग के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ भी बैठक करेगा।
Source link
राज्य वित्त आयोग ग्वालियर में करेगा अहम बैठक:स्थानीय निकायों की वित्तीय स्थिति, विकास कार्यों पर होगी चर्चा, औचक निरीक्षण भी














Leave a Reply