रामपुर में कपड़ा टाइट कराने को लेकर महिला से मारपीट:पेट में लात मारने का आरोप, हालत गंभीर; जिला अस्पताल में भर्ती




रामपुर के मिलक थाना क्षेत्र के विक्रमपुर गांव में ब्लाउज टाइट कराने को लेकर हुए विवाद में एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला दर्जी समेत तीन लोगों ने महिला को पीटा, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। घायल महिला को जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। गांव निवासी मिथिलेश ब्लाउज टाइट कराने के लिए गांव की ही एक महिला दर्जी के पास गई थीं। इसी दौरान सिलाई को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर महिला दर्जी समेत तीन लोगों ने मिथिलेश के साथ मारपीट कर दी। पीड़िता के पति वीरपाल ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनकी पत्नी के पेट में लात मारी गई, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद मिथिलेश घर पहुंचीं और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद वीरपाल पत्नी को लेकर मिलक कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने महिला को मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मिलक कोतवाली प्रभारी मनीराम ने बताया- मामले की सूचना मिली है। महिला का मेडिकल कराया जा रहा है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *