![]()
रामपुर के कोलकाता मोहल्ले में मंगलवार रात एक आवारा कुत्ते ने आठ वर्षीय बच्चे पर हमला कर दिया। हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे रात करीब 10 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। शहर में बढ़ते आवारा कुत्तों के आतंक के बीच इस घटना से लोगों में दहशत है। जानकारी के अनुसार, दानिश नाम का बच्चा अपने घर के बाहर गली में खेल रहा था। इसी दौरान अचानक एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे के सिर और पीठ पर कई जगह काट लिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्ते को भगाकर बच्चे को बचाया। घायल दानिश को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इमरजेंसी वार्ड के बेड नंबर दो पर उसका इलाज चल रहा है। अस्पताल के ईएमओ ने बताया कि बच्चे के सिर और पीठ पर गहरे घाव हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी है। बच्चे के पिता नाजिम ने नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शहर में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन उन्हें पकड़ने के लिए कोई प्रभावी अभियान नहीं चलाया जा रहा। उन्होंने मामले की शिकायत थाने और नगर पालिका में करने की बात कही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों का आतंक अब आम लोगों के लिए बड़ा खतरा बन चुका है। कई बार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
Source link
रामपुर में कुत्ते ने मासूम पर किया हमला:सिर और पीठ पर गंभीर घाव, नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप














Leave a Reply