![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले को सीजी डायल-112 सेवा के तहत 16 नए आधुनिक आपातकालीन वाहन मिले हैं। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पुराने पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि अब रायगढ़ के लोगों को किसी भी आपात स्थिति में जल्दी और बेहतर मदद मिल सकेगी। कार्यक्रम में वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने कहा कि यह सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है और अब इसके अच्छे नतीजे जमीन पर दिखाई देने लगे हैं। उन्होंने बताया कि इस योजना से पुलिस को कानून व्यवस्था संभालने में मदद मिलेगी और किसी भी घटना पर पुलिस पहले से ज्यादा तेजी से कार्रवाई कर सकेगी। इसका सीधा फायदा आम लोगों को मिलेगा। कार्यक्रम में SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि डायल-112 सेवा 4 सितंबर 2018 से राज्य के 16 जिलों में चल रही थी। अब इसे “छत्तीसगढ़ डायल-112 फेज-2 नेक्स्ट जेन” के तहत प्रदेश के सभी 33 जिलों में शुरू कर दिया गया है। इस परियोजना का शुभारंभ 18 मई को अमित शाह ने किया था।
अत्याधुनिक उपकरणों से लैश है वाहन एसएसपी ने बताया कि डायल-112 फेज-2 के तहत पूरे छत्तीसगढ़ में 400 इमरजेंसी वाहन तैनात किए गए हैं। इनमें से रायगढ़ जिले को 16 वाहन मिले हैं। इन वाहनों में पीटीजेड कैमरे, GPS, मोबाइल डेटा सिस्टम और स्मार्ट मोबाइल जैसी सुविधाएं दी गई हैं, जिससे किसी भी घटना पर तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी। पुलिस, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, आपदा प्रबंधन, चाइल्ड हेल्पलाइन, महिला हेल्पलाइन और नेशनल हाईवे सेवाओं को एक ही नंबर 112 से जोड़ा गया है। इससे लोगों को सभी आपातकालीन सेवाएं एक ही जगह पर आसानी से मिल सकेंगी। पूरी व्यवस्था को संचालित करने के लिए रायपुर में एक आधुनिक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी बनाया गया है।
Source link
रायगढ़ को मिले 16 नए डायल-112 आपातकालीन वाहन:मंत्री ओपी चौधरी ने दिखाई हरी झंडी, बोले- आमजन को सीधा लाभ मिलेगा
















Leave a Reply