रायगढ़ में युवक की खून से सनी लाश मिली:सिर-कंधे और गर्दन में चोट के निशान, रात में घर से निकला और वापस नहीं लौटा




छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शुक्रवार सुबह एक युवक की खून से लथपथ लाश मिली। उसके सिर और गर्दन पर चोट के निशान पाए गए हैं और ईंट से वार किए जाने की आशंका है। पुलिस ने घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और मामले को हत्या के एंगल से देखा जा रहा है। यह मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक भगवानपुर का रहने वाला 23 वर्षीय तिलक वर्मा गुरुवार रात करीब साढ़े 9 बजे अपने घर से निकला था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह उसका शव खैरपुर गांव के सीतापुर बीच बस्ती में मिला। शव खून से लथपथ था और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो सिर, गर्दन और कंधे पर चोट के निशान मिले और पास में खून लगा ईंट भी मिला। इससे आशंका जताई जा रही है कि ईंट से हमला कर उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक नशे का आदी था। CCTV फुटेज खंगाला जा रहा घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। जांच में यह पता चला कि रात में मृतक युवक के साथ एक और व्यक्ति मौजूद था। पुलिस उसकी पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *