रायपुर में गौ सेवक पर मारपीट का आरोप:सतनामी समाज ने घेरा थाना, सोशल मीडिया में वीडियो वायरल




रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र में शनिवार को भारी तनाव की स्थिति बन गई। सतनामी समाज के सैकड़ों लोग आरंग थाने के बाहर एकत्र होकर प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने कथित गौ सेवक गोल्डी शर्मा और उसके साथियों पर समाज के एक युवक के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है और थाने के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला आरंग पुलिस के अनुसार कुछ दिन पहले ग्राम गुदगुदा में भैंसों से भरे एक वाहन को कथित गौ सेवकों ने पकड़ा था। इसी घटना के बाद से विवाद बढ़ता जा रहा था। आरोप है कि शनिवार को इसी मामले को लेकर गोल्डी शर्मा ने ग्राम गुदगुदा निवासी बलराम कुर्रे के साथ सरेआम गाली-गलौज की और उसके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कथित तौर पर युवक के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार होता दिखाई दे रहा है। सबसे गंभीर आरोप यह है कि पूरी घटना आरंग थाने के सामने हुई। वीडियो सामने आने के बाद सतनामी समाज में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंच गए। पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। समाज के लोगों का आरोप है कि स्थानीय पुलिस कथित गौ सेवकों को संरक्षण दे रही है। प्रदर्शनकारियों ने गोल्डी शर्मा और उसके साथियों के खिलाफ कड़ी धाराओं में FIR दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। स्थिति बिगड़ते देख प्रशासन ने आरंग थाने को छावनी में तब्दील कर दिया। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकारियों को शांत कराने में जुटे रहे। समाज के प्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों के बीच बंद कमरे में बातचीत भी हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण अभिषेक कुमार झा ने कहा कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *