![]()
रायबरेली के मल्केगांव क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती से परेशान सैकड़ों ग्रामीणों ने शनिवार को मल्केगांव पावर हाउस पर प्रदर्शन किया। भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप था कि पिछले 15 से 20 दिनों से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई है। स्थानीय निवासी दीपक सिंह, कौशलेन्द्र सिंह सानू और विजय शंकर तिवारी ने बताया कि भीषण गर्मी के बावजूद गांव में मुश्किल से 4 से 5 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि रात में लंबे समय तक बिजली गायब रहने से बच्चे और बुजुर्ग बीमार पड़ रहे हैं। वहीं पानी की समस्या भी गंभीर हो गई है और लोग जनरेटर के सहारे पानी निकालने को मजबूर हैं। ‘मैसेज आता है, लेकिन बिजली कुछ मिनट ही रहती’ लोगों ने आरोप लगाया कि विभाग की ओर से बिजली बहाल होने के मैसेज भेजे जाते हैं, लेकिन सप्लाई 15-20 मिनट बाद फिर ठप हो जाती है। ग्रामीणों ने कुछ कर्मचारियों पर कनेक्शन जोड़ने और तकनीकी खराबी ठीक करने के नाम पर अवैध वसूली करने का भी आरोप लगाया। JE बोले- तूफान से प्रभावित हुआ था सिस्टम मल्केगांव पावर हाउस के जेई ने ग्रामीणों का ज्ञापन स्वीकार करते हुए कहा कि विभाग निर्धारित 18 घंटे बिजली आपूर्ति देने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि 13 मई को आए तूफान से बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई थी, जिसे काफी हद तक दुरुस्त कर लिया गया है। जेई ने यह भी कहा कि रात में हो रही कटौती को गंभीरता से लिया गया है और ग्रामीणों की समस्याएं उच्च अधिकारियों तक भेजी जा रही हैं। 7 दिन में सुधार न हुआ तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि अगले सात दिनों में बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर इस मुद्दे को तहसील से लेकर जिला मुख्यालय तक उठाया जाएगा।
Source link
रायबरेली में अघोषित बिजली कटौती पर ग्रामीणों का प्रदर्शन:मल्केगांव पावर हाउस पहुंचे सैकड़ों लोग, 7 दिन में सुधार न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी















Leave a Reply