रायसेन में चौसिंगा का शिकार; एक बंदूक और मांस जब्त:वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर दो सगे भाइयों समेत 4 को पकड़ा




रायसेन में चौसिंगा वन्यजीव का शिकार का मामला सामने आया है। वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें दो सगे भाई भी शामिल हैं। वन विभाग ने आरोपियों के कब्जे से अवैध 12 बोर बंदूक, खाली खोखे, शिकार किया गया मांस और टॉर्च सहित अन्य सामग्री जब्त की है। डीएफओ प्रतिभा शुक्ला ने शनिवार को इस मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात जंगल क्षेत्र में अवैध शिकार की वारदात को अंजाम दिया था। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाद अहमद (निवासी जैन मंदिर के पास), आदिल खान और अमान खान (दोनों निवासी तहसील मोहल्ला) तथा राशिद खान (निवासी शरीफ कॉलोनी रायसेन) के रूप में हुई है। आदिल और अमान सगे भाई हैं। इस कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रवेश पाटीदार के नेतृत्व में टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में डिप्टी रेंजर प्रभात यादव, संजय मौर्य, वनपाल नितेश यादव, मनमोहन यादव, परसराम मालवीय, अवधेश उपाध्याय, वन रक्षक भूपेंद्र कुशवाहा, प्रीतम जाटव और चालक शैतान सिंह शामिल थे। वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *