रायसेन में टैंकर आते ही बर्तनों के साथ दौड़े लोग:गांवों में पानी के लिए रतजगा; कोकलपुर में कुएं पर दबंगों का कब्जा




रायसेन जिले में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच भीषण जल संकट पैदा हो गया है। बुधवार सुबह शहर के ताजपुर वार्ड और बेगमगंज तहसील के कोकलपुर गांव में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान नजर आए। शहर में जहां टैंकर आते ही पानी भरने की होड़ मच गई, वहीं गांवों में ग्रामीण पुराने कुओं का दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। दैनिक भास्कर की टीम मंगलवार सुबह करीब 11 बजे शहर के वार्ड-13 ताजपुर पहुंची, जहां लोग सुबह से खाली बर्तन लेकर बैठे थे। नगर पालिका का पानी का टैंकर वार्ड में पहुंचते ही पूरे इलाके में हलचल मच गई। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग हाथों में बर्तन लेकर टैंकर की ओर दौड़ पड़े और कई लोगों ने अपने निजी पाइप सीधे टैंकर में डालकर तेजी से पानी भरना शुरू कर दिया। एक दिन छोड़कर सप्लाई, आबादी के मुकाबले पानी कम
स्थानीय रहवासियों ने बताया कि वार्ड में एक दिन छोड़कर पानी की सप्लाई की जा रही है। भीषण गर्मी के कारण पानी की जरूरत लगातार बढ़ रही है, लेकिन नगर पालिका के टैंकर आबादी और जरूरत के मुकाबले नाकाफी साबित हो रहे हैं। इस वजह से लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। कोकलपुर में दूषित पानी पीने को मजबूर ग्रामीण
बेगमगंज तहसील के ग्राम कोकलपुर में पानी की किल्लत और ज्यादा गंभीर है। करीब दो हजार की आबादी वाले इस गांव में लोगों को पानी के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि कई परिवार गांव के बाहर स्थित पुराने कुओं का दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। सरकारी कुएं में दबंगों ने डाली निजी मोटर
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के सरकारी कुएं में कुछ दबंग लोगों ने अपने निजी मोटर पंप डाल रखे हैं। इन पंपों के जरिए बड़ी मात्रा में पानी खींच लिया जाता है, जिससे गांव की पानी की टंकी तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता। इसके चलते ग्रामीणों को प्रतिदिन केवल तीन से चार कुप्पा पानी ही मिल पा रहा है। महिलाओं को पानी भरने के लिए सुबह से घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *