रीवा में खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बाइक:दो युवकों की मौके पर मौत; बैकुंठपुर जा रहे थे दोनों




रीवा में शुक्रवार देर रात एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब रीवा से बैकुंठपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार बाइक सगरा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान पंकज साकेत निवासी बैकुंठपुर और आकाश साकेत निवासी जुइला, रायपुर कर्चुलियान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक किसी जरूरी काम से बाइक से बैकुंठपुर जा रहे थे। इसी दौरान सगरा के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक आशंका है कि हादसा तेज रफ्तार या अंधेरे के कारण हुआ होगा, हालांकि वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है। गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर कार्रवाई और हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *