![]()
रीवा जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले बंजारी गांव में शुक्रवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव गांव में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर के नीचे पड़ा मिला। ग्रामीणों ने शव को देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष के आसपास है, लेकिन उसकी अब तक पहचान नहीं हो सकी है। सूचना मिलते ही गुढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास मौजूद ग्रामीणों से भी पूछताछ की, लेकिन युवक के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद पुलिस ने शव को डायल 112 वाहन की सहायता से रीवा के संजय गांधी चिकित्सालय पहुंचाया। वर्तमान में शव को अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। पुलिस के अनुसार युवक के शरीर पर मिले कपड़ों और हुलिये के आधार पर पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। आसपास के थाना क्षेत्रों में भी सूचना भेजी गई है, ताकि यदि किसी युवक की गुमशुदगी दर्ज हो तो उसकी जानकारी मिल सके। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। गुढ़ थाना पुलिस ने रीवा और आसपास के लोगों से अपील की है कि यदि किसी को युवक के बारे में कोई जानकारी हो, या हाल के दिनों में कोई युवक घर से लापता हुआ हो, तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें। जानकारी देने के लिए पुलिस ने संपर्क नंबर भी जारी किए हैं- • सहायक उप निरीक्षक सुरेश साकेत- 62329 81933 • प्रधान आरक्षक अयोध्या प्रजापति- 91746 97575 पुलिस का कहना है कि आम लोगों का छोटा सा सहयोग किसी परिवार तक उनके अपने की दुखद खबर पहुंचाने में मददगार साबित हो सकता है। इसलिए इस सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक साझा करने की अपील की गई है।
Source link
रीवा में ट्रांसफार्मर के नीचे मिला अज्ञात युवक का शव:पहचान के लिए पुलिस ने जारी किए नंबर; मौत की वजह अब तक साफ नहीं
















Leave a Reply