रीवा में तीन दिन में 43 डिग्री तक पहुंचा पारा:दिन में लू जैसे हालात, रात में भी नहीं मिल रही राहत; 44 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान




रीवा जिले में मई की गर्मी अब अपने चरम पर पहुंचती नजर आ रही है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दिन के साथ अब रातों में भी उमस और गर्मी से राहत नहीं मिल रही। मौसम विभाग और मानक मौसम पोर्टलों के अनुसार जिले में तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है। आने वाले दिनों में भी राहत की संभावना कम दिखाई दे रही है। पिछले तीन दिनों के तापमान पर नजर डालें तो 14 मई को अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27.3 डिग्री दर्ज किया गया। 15 मई को गर्मी और बढ़ गई। इस दिन अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं 16 मई को अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री और न्यूनतम 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार तीन दिनों से मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और दोपहर में लू जैसे हालात बने हुए हैं। अगले तीन दिन और बढ़ेगी तपिश मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है। 17 मई को अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री रहने का अनुमान है। 18 मई को पारा बढ़कर 43.5 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि 19 मई को तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दोपहर के समय तेज गर्म हवाएं और तीखी धूप लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। लोगों ने कहा- सड़कें तक तप रही हैं अस्पताल चौराहा निवासी राजेश मिश्रा ने बताया कि दोपहर के समय ऐसा लगता है जैसे सड़कें जल रही हों। जरूरी काम के बिना बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। वहीं सिविल लाइन क्षेत्र के निवासी अजय पटेल का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से गर्मी लगातार बढ़ रही है और रात में भी चैन की नींद नहीं मिल रही। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। साथ ही अधिक मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लेने तथा लू से बचाव के जरूरी उपाय अपनाने को कहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *