रीवा में नॉन एसी बस से गांव पहुंचे कलेक्टर:42 अफसरों को जमीन पर बैठाया; टिकुरी में लगाई चौपाल




रीवा में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने गंगेव जनपद पंचायत के टिकुरी गांव में ग्राम चौपाल आयोजित की। इस दौरान वे 42 विभागीय अधिकारियों को साथ लेकर नॉन एसी बस से कलेक्ट्रेट से टिकुरी पहुंचे। गांव पहुंचने के बाद सभी अधिकारियों को ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठाकर समस्याएं सुनीं और मौके पर ही निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत प्रांगण में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों ने राजस्व, सड़क, पानी, आवास और आंगनवाड़ी से जुड़ी समस्याएं रखीं। राजस्व प्रकरणों की समीक्षा के दौरान सीमांकन में देरी मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और संबंधित नायब तहसीलदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं आंगनवाड़ी केंद्र नियमित रूप से न खुलने की शिकायत पर संबंधित सुपरवाइजर को निलंबित करने तथा सीडीपीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों ने रास्ता विवाद और सड़क संकरी होने की समस्या भी रखी, जिस पर कलेक्टर ने तत्काल निराकरण और सड़क चौड़ीकरण कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि गांव में शिविर लगाकर सभी विभागों के अधिकारी समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करें ताकि ग्रामीणों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान जिन हितग्राहियों ने निर्माण कार्य शुरू नहीं किया, उनके आवास निरस्त करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचना चाहिए। नल-जल योजना में लापरवाही मिलने पर पीएचई उपयंत्री और रोजगार सहायक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सरपंच और जनपद सीईओ को योजना जल्द शुरू कराने के लिए कहा गया। ग्रामीणों ने भी पानी का शुल्क देने पर सहमति जताई। विद्युत विभाग को गांव में घर-घर मीटर लगाने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए। वहीं टंट्या मामा योजना के पात्र हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति दिलाने की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने को कहा गया। कलेक्टर ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अब टिकुरी गांव की शिकायतें जनसुनवाई में आती हैं तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ मेहताब सिंह गुर्जर, जनपद सीईओ प्राची चतुर्वेदी सहित जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *