रीवा में पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या:दोस्त ने पार्टी के बहाने घर बुलाकर कनपटी पर फायर किया; बेटे की बीमारी पर छुट्टी लेकर गांव आया था




रीवा के समान थाना क्षेत्र स्थित गड़रिया मोहल्ले में रविवार देर रात एक पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मैहर जिले के रामनगर थाने में पदस्थ आरक्षक राकेश कुमार पटेल को उनके ही दोस्त ने शराब पार्टी के दौरान विवाद होने पर कनपटी पर गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। आरक्षक राकेश कुमार पटेल के बेटे की तबीयत खराब थी, जिसके चलते वे विभाग से छुट्टी लेकर अपने गांव आए हुए थे। रविवार रात वे परिजनों से थोड़ी देर में लौटने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद वे पड़ोस में ही रहने वाले अपने दोस्त राकेश तिवारी के घर पहुंचे, जहां दोनों के बीच शराब पार्टी शुरू हुई। विवाद के बाद मारी गोली, अस्पताल में हुई मौत
पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच अचानक विवाद हो गया। आरोप है कि यह विवाद इतना बढ़ गया कि राकेश तिवारी ने पिस्टल से आरक्षक की कनपटी पर गोली चला दी। घटना के बाद आरोपी के परिजन गंभीर रूप से घायल आरक्षक को लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद से मुख्य आरोपी फरार है। परिजनों का आरोप- समय पर मिलता इलाज तो बच जाती जान
घटना के बाद मृतक पुलिसकर्मी के घर में मातम पसरा हुआ है। मृतक की पत्नी और पिता ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। मृतक के मामा हरदीप कुमार पटेल ने कहा, राकेश को घर से बुलाकर ले जाया गया था। बाद में हमें सूचना मिली कि उसे गोली मार दी गई है। अगर समय पर इलाज मिलता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। परिवार चाहता है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए। फॉरेंसिक टीम कर रही जांच, जल्द होगी गिरफ्तारी
रीवा पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर रही है। समान थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया, “मामले में एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” इसके अलावा रामनगर थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी ने भी आरक्षक के बेटे की बीमारी के कारण छुट्टी पर होने की पुष्टि की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *