रीवा में बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:जमीनी विवाद में तेजाब डालकर हत्या का आरोप, शव मिलने के बाद चक्काजाम की चेतावनी




रीवा जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र के साव गांव में एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सोमवार को तनाव की स्थिति बन गई। मृतक की पहचान तेज प्रताप कुशवाहा के रूप में हुई है। परिजनों और ग्रामीणों ने घटना को लेकर नाराजगी जताई है। परिजनों का आरोप है कि जमीन विवाद के कारण तेज प्रताप कुशवाहा के साथ पहले मारपीट की गई और फिर उन पर तेजाब डाला गया, जिससे उनकी मौत हो गई। उनका शव गांव के पास एक खेत में मिला। दो दिनों से लापता थे तेज प्रताप
परिजनों के अनुसार तेज प्रताप कुशवाहा पिछले दो दिनों से लापता थे। परिवार लगातार उनकी तलाश कर रहा था। सोमवार को खेत में शव मिलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिवार का कहना है कि मृतक को पहले से धमकियां मिल रही थीं। जमीन विवाद को लेकर कई बार झगड़े की स्थिति बन चुकी थी। परिजनों ने पड़ोस के कुछ लोगों पर शक जताते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। रीवा-सेमरिया मार्ग पर चक्काजाम की चेतावनी
ग्रामीणों और परिजनों ने रीवा-सेमरिया मार्ग पर चक्काजाम की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी और प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंचने तक आंदोलन जारी रहेगा। कलेक्टर और एसपी को बुलाने की मांग भी की जा रही है। इससे पहले सुबह भी कुछ देर के लिए परिजन प्रदर्शन कर चुक हैं, तब प्रशासन की समझाइश पर मान गए थे। लेकिन कार्रवाई से संतुष्ट न होकर अब एक बार फिर चक्काजाम की चेतावनी दी है। सब्जी की दुकान चलाते थे तेज प्रताप
ग्रामीणों के मुताबिक तेज प्रताप कुशवाहा गांव में सब्जी की दुकान लगाकर परिवार चलाते थे। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि उनके साथ पहले भी मारपीट की घटनाएं हो चुकी थीं, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बढ़ गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल गांव में तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारी परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे। थाना प्रभारी पवन शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *