रुद्रपुर ने नोएडा को 3-2 से हराया:सम्भल में ऑल इंडिया फुटबॉल टूर्नामेंट, बड़ी संख्या में मौजूद रहे दर्शक




सम्भल के कस्बा सिरसी स्थित जवाहरलाल इंटर कॉलेज के मैदान पर सोमवार को ऑल इंडिया फुटबॉल टूर्नामेंट में रुद्रपुर ने नोएडा को 3-2 से पराजित किया। यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें दर्शकों में अंतिम मिनट तक उत्साह बना रहा। निर्धारित 70 मिनट का यह मैच 35-35 मिनट के दो हाफ में खेला गया। मैच की शुरुआत में नोएडा की टीम ने आक्रामक रणनीति अपनाई और पहले हाफ में खेल पर पूरी तरह पकड़ बना ली। नोएडा के खिलाड़ियों ने लगातार हमले करते हुए दो गोल दागकर 2-0 की बढ़त हासिल कर ली। पहले हाफ तक ऐसा लग रहा था कि नोएडा आसानी से मैच जीत जाएगा। हालांकि, दूसरे हाफ में रुद्रपुर की टीम ने बदली हुई रणनीति के साथ वापसी की। शुरुआती मिनटों से ही रुद्रपुर ने आक्रामक खेल दिखाते हुए नोएडा पर दबाव बनाना शुरू किया। दूसरे हाफ के 18वें मिनट में रुद्रपुर ने पहला गोल दागकर स्कोर 2-1 किया। इसके बाद 25वें मिनट में दूसरा गोल कर मुकाबला 2-2 से बराबरी पर ला दिया गया। बराबरी के बाद दोनों टीमों के बीच संघर्ष और तेज हो गया। रुद्रपुर ने 30वें मिनट में निर्णायक गोल कर 3-2 की बढ़त हासिल कर ली। नोएडा की टीम के प्रयासों के बावजूद रुद्रपुर ने अपनी बढ़त बनाए रखी और मैच जीत लिया। मैच के मुख्य रेफरी नादिर रजा रहे, जबकि लाइन रेफरी की जिम्मेदारी आशिक अब्बास और आसिफ अब्बास ने निभाई। बड़ी संख्या में दर्शकों ने मैदान में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि के रूप में सिरसी के अध्यक्ष कौसर अब्बास मौजूद रहे। उनके साथ वसीम हैदर, मोहम्मद अब्बास, इफ्तिखार हुसैन, बब्बन, शराफत हुसैन, राहत जान और अकमाल जैदी सहित कई गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *