लखनऊ में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी:फर्जी नियुक्ति पत्र बनाने वाला गिरफ्तार, अब तक 35 लाख ऐंठ चुका था




लखनऊ के हजरतगंज थाना क्षेत्र में सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी और फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी अभ्यर्थियों से रुपए लेने के साथ उनके मूल दस्तावेज भी अपने कब्जे में रखता था। इंस्पेक्टर हजरतगंज विक्रम सिंह ने बताया 9 जनवरी को हुसैनगंज स्थित एआर अपार्टमेंट निवासी प्रशांत कुमार दुबे ने हजरतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि निखिल वर्मा और उसके साथियों ने सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे 35 लाख रुपए और मूल दस्तावेज ले लिए। फर्जी नियुक्त पत्र देकर जान से मारने की धमकी दी काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगी। रुपए और दस्तावेज वापस मांगने पर आरोपियों ने फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया और जान से मारने की धमकी दी। मामले में हजरतगंज थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। जिसके बाद टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रविवार को पुरनिया चौराहे के पास से आरोपी निखिल वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अलीगंज के चौधरी टोला इलाके का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपी ने सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों से ठगी करने, रुपए लेने और फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कराने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *