लखीमपुर में युवक ने खुद को गोली मारी, हालत गंभीर:तमंचे से पेट से सटाकर किया फायर, शाहजहांपुर रेफर




लखीमपुर के उचौलिया थाना क्षेत्र के ढंढेल गांव में शनिवार शाम एक युवक ने खुद को गोली मार ली। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद शाहजहांपुर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, ढंढेल निवासी 35 वर्षीय राजीव यादव पुत्र धूप सिंह शनिवार शाम अपने घर के बाहर मौजूद था। इसी दौरान उसने तमंचे से अपने पेट के पास गोली मार ली। गोली लगने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। परिजनों ने तत्काल घायल राजीव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पसगवां पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे शाहजहांपुर रेफर कर दिया। चिकित्सकों के मुताबिक, युवक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, राजीव यादव पेशे से ट्रक चालक है और वह शनिवार को ही घर लौटा था। बताया जा रहा है कि उसका एक विवाहित महिला से प्रेम संबंध था, जिसके कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। कुछ ग्रामीणों ने यह भी बताया कि घटना से पहले उसका प्रेमिका के पति से विवाद हुआ था। हालांकि, पुलिस ने अभी इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से तमंचा बरामद किया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल नारायण सिंह ने बताया कि युवक द्वारा खुद को गोली मारने की सूचना मिली है। घायल को उपचार के लिए भेजा गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर गांव में विभिन्न तरह की चर्चाएं हैं। वहीं, राजीव के परिवार में शोक का माहौल है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *