![]()
ललितपुर के नेहरू नगर क्षेत्र में रविवार सुबह खेत में पराली जलाने से भीषण आग लग गई। तेज हवा के कारण आग पास के रिहायशी इलाके तक फैल गई, जिससे एक मकान, घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल और उसमें रखा भूसा जलकर राख हो गया। हालांकि, इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक किसान ने गेहूं की फसल के अवशेष साफ करने के उद्देश्य से खेत में आग लगाई थी। शुरुआत में आग सीमित थी, लेकिन अचानक तेज हवा चलने से लपटें तेजी से फैल गईं और पड़ोसी के मकान तक पहुंच गईं।
ग्रामीणों ने बाल्टियों और पाइप से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग बढ़ती रही। तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों ने आग को अन्य घरों और खेतों तक फैलने से रोका।
इस अग्निकांड में मकान में रखा भूसा पूरी तरह जल गया और मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। पीड़ित परिवार को आर्थिक नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि फसल अवशेष जलाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जबकि प्रशासन ने इस पर प्रतिबंध लगा रखा है। कृषि विभाग और प्रशासन किसानों से पराली न जलाने की लगातार अपील कर रहे हैं। इसके बावजूद, कई किसान खेत जल्दी साफ करने के लिए आग का सहारा ले रहे हैं, जिससे ऐसे हादसे हो रहे हैं। प्रशासन ने किसानों से एक बार फिर अपील की है कि वे फसल अवशेषों के निस्तारण के लिए वैकल्पिक उपाय अपनाएं और आग लगाने से बचें। इससे पर्यावरण प्रदूषण और आगजनी जैसी घटनाओं को रोका जा सकेगा।
Source link
ललितपुर में पराली जलाने से लगी आग:मकान, मोटरसाइकिल और भूसा जलकर राख, कोई जनहानि नहीं















Leave a Reply