लेखपाल भर्ती परीक्षा के लिए स्पेशल ट्रेन:बरेली से मथुरा के बीच चलेगी, हजारों परीक्षार्थियों को मिलेगी राहत




बदायूं में होने वाली लेखपाल भर्ती परीक्षा के मद्देनजर रेलवे ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इज्जतनगर मंडल ने 21 मई को बरेली जंक्शन से मथुरा जंक्शन के बीच एक जोड़ी परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। इस पहल से बदायूं सहित आसपास के जिलों के हजारों परीक्षार्थियों को सुविधा मिलेगी। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि गाड़ी संख्या 05309 परीक्षा स्पेशल ट्रेन बरेली जंक्शन से सुबह 4 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन भोजीपुरा, बदायूं, उझानी, सोरों, कासगंज, सिकंदरा राव और हाथरस सिटी होते हुए सुबह 8:45 बजे मथुरा जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में, गाड़ी संख्या 05310 मथुरा से दोपहर 1:10 बजे चलेगी और शाम 5:50 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी। बदायूं स्टेशन पर इस ट्रेन का ठहराव होने से जिले के अभ्यर्थियों को सीधा लाभ मिलेगा। रेलवे ने यह विशेष व्यवस्था परीक्षा के दौरान ट्रेनों और बसों में संभावित भीड़ को देखते हुए की है, ताकि परीक्षार्थी समय पर अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें। रेलवे प्रशासन ने कुछ अन्य ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया है। कासगंज-मथुरा ट्रेन को 80 मिनट के लिए री-शेड्यूल किया गया है, जबकि कानपुर अनवरगंज-कासगंज ट्रेन 65 मिनट की देरी से चलाई जाएगी। इसके अतिरिक्त, लखनऊ जंक्शन-कासगंज ट्रेन को भी नियंत्रित कर विलंब से रवाना करने का निर्णय लिया गया है। रेलवे अधिकारियों ने परीक्षार्थियों से समय पर स्टेशन पहुंचने और यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *