लोकायुक्त कार्रवाई में जनप्रतिनिधि का भ्रष्टाचार सिद्ध:एक्शन नहीं होने से नाराज कांग्रेस नेता ने कलेक्टर को सौंपा नागरिकता त्याग पत्र




नीमच जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। सिंगोली क्षेत्र के कांग्रेस नेता पंकज तिवारी ने मंगलवार को जिला कलेक्टर कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान अपनी ‘नागरिकता से त्याग पत्र’ का आवेदन कलेक्टर को सौंपा। उन्होंने यह कदम भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई न होने के विरोध में उठाया। तिवारी ने अपने साथी कांग्रेसजनों के साथ मिलकर कलेक्टर को एक ज्ञापन भी सौंपा। इसमें उन्होंने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 19 का हवाला देते हुए अपने संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत नागरिकता हस्तांतरण या नागरिकता से त्याग पत्र स्वीकार करने का अनुरोध किया। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन के समक्ष दो गंभीर मामले उठाए। पहला मामला जावद जनपद से संबंधित है, जहां के जनपद अध्यक्ष गोपाल चारण को लगभग तीन साल पहले लोकायुक्त टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा था। इस बड़ी कार्रवाई के बावजूद उन्हें आज तक जनपद अध्यक्ष के पद से नहीं हटाया गया है। दूसरा मामला सिंगोली तहसील की थड़ोद ग्राम पंचायत का है। यहां सरपंच और सचिव पर सरकारी राशि के गबन और भारी भ्रष्टाचार का आरोप है। शिकायत के बाद कलेक्टर द्वारा करवाई गई जांच में भ्रष्टाचार और आर्थिक अनियमितताओं की पुष्टि भी हो चुकी है। हालांकि, इसके बावजूद दोषी सरपंच और सचिव को न तो पद से हटाया गया है और न ही उनके खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज की गई है। कांग्रेस नेता पंकज तिवारी ने कहा कि लोकायुक्त प्रकरण और प्रशासनिक जांच में भ्रष्टाचार सिद्ध होने के बावजूद संबंधित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का लगातार पद पर बने रहना चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी राशि के गबन जैसे गंभीर मामलों में कठोर कार्रवाई न होना संवैधानिक व्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सवाल खड़ा करता है। तिवारी के अनुसार, ऐसी ढीली प्रशासनिक व्यवस्था के कारण आम जनता का शासन, प्रशासन और कानून व्यवस्था से विश्वास खत्म हो रहा है। उन्होंने मांग की कि जब तक भ्रष्टाचार में संलिप्त दोनों जनप्रतिनिधियों पर निष्पक्ष, सख्त और पारदर्शी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक जनता का संविधान में भरोसा स्थापित होना कठिन है। उन्होंने इसी लचर व्यवस्था के खिलाफ सांकेतिक विरोध स्वरूप यह कदम उठाया है। एफआईआर दर्ज करने की मांग कांग्रेसजनों ने कलेक्टर से मांग की है कि जावद जनपद अध्यक्ष गोपाल चारण को तुरंत पद से बर्खास्त किया जाए और थड़ोद पंचायत के सरपंच-सचिव को पंचायत अधिनियम की धारा 40 के तहत हटाकर उनके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए। इसके साथ ही इन पदों पर निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से दोबारा चुनाव करवाए जाएं ताकि आम जनता का लोकतंत्र पर विश्वास बना रहे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को दो टूक चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इन दोनों मामलों में दोषियों को हटाकर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आगामी दिनों में कांग्रेस द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *