विधायक ने नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का किया लोकार्पण:छोटे-छोटे बच्चों का कराया अन्नप्राशन, गर्भवती महिलाओं की गोद भराई का कार्यक्रम हुआ




अयोध्या जिले के सोहावल क्षेत्र की ग्राम पंचायत महोली के मजरे महादेवपुर में एक नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का लोकार्पण किया गया। बीकापुर विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान ने बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा निर्मित इस केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और ग्रामीण उपस्थित रहे। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव-गांव तक विकास योजनाओं और बेहतर सुविधाओं को पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। विधायक ने कहा कि ये आंगनबाड़ी केंद्र ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होंगे। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ कराना है। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुए इस आयोजन में महिलाओं ने सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि केंद्र खुलने से बच्चों को पोषाहार और शिक्षा दोनों का लाभ मिलेगा। इस पूरे आयोजन में ग्राम प्रधान एवं ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सर्वेश सिंह चौहान “बड़ेबाबू” की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण रही। ग्रामीणों ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके कारण गांव में विकास कार्यों को गति मिल रही है और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सोहावल अनिल कुमार, ग्राम प्रधान ज्वाला प्रसाद, बाल विकास परियोजना अधिकारी डॉ. अनीता सोनकर, खंड विकास अधिकारी हरिश्चंद्र सिंह, एडीओ पंचायत अनिरुद्ध सिंह वर्मा, ग्राम पंचायत सचिव सुशील कुमार, एडीओ आईएसबी मनोज तिवारी, कंपोजिट विद्यालय महादेवपुर के प्रधानाचार्य, विद्यालय स्टाफ और आंगनबाड़ी कार्यकत्री सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *